Chatra: आगामी आगामी चुनावों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में रविवार को चतरा कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में झामुमो की ओर से बूथ सम्मेलन-सह-BLA-2 का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय शामिल हुए. चतरा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.
वोटर लिस्ट से नाम कटने से रोकने पर रहा फोकस
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य एसएआर (SAR) के तहत वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम काटे जाने की आशंका को लेकर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना था. पार्टी ने कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर सतर्क रहने और मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सौंपी.

केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल की तर्ज पर झारखंड में भी साजिश के तहत मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि झामुमो इस कथित साजिश को सफल नहीं होने देगा.
बूथ स्तर पर विशेष कमेटी का गठन
विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर विशेष कमेटियों का गठन किया है. ये कार्यकर्ता बूथ स्तर पर लगातार निगरानी रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से न कटे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया.


