Ranchi: बिहार-झारखंड निदेशालय के 36 होनहार नेवल एनसीसी कैडेट अब महाराष्ट्र के लोनावला में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया नौसैनिक कैंप (AINSC)-2026 में अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं. 100 कैडेटों के बीच हुई कड़ी चयन प्रक्रिया और लगभग एक माह तक चले कठिन प्रशिक्षण के बाद चुनी गई यह टीम 30 जून से 12 जुलाई तक राष्ट्रीय मंच पर बिहार-झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी. टीम का लक्ष्य इस बार शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतना और निदेशालय का नाम पूरे देश में रोशन करना है.

हटिया में लॉन्च कैंप का किया गया था आयोजन
झारखंड नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर आनंद महतो के नेतृत्व में 30 मई से 28 जून तक हटिया स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी (NIAMT) में प्री-एआईएनएससी-1, प्री-एआईएनएससी-2 और लॉन्च कैंप का आयोजन किया गया था. इस दौरान कैडेटों को नौसैनिक कौशल, ड्रिल, बोट पुलिंग, बोट रिगिंग, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का गहन प्रशिक्षण दिया गया. चीफ इंस्ट्रक्टर सुजीत कुमार (चीफ पेटी ऑफिसर), पीओ बिट्टू गुप्ता, संतोष वर्मा, मुकेश कुमार, पीओर ड्रिल अमित कुमार सिंह, पीओ-बोट रिगिंग नीरज कुमार और लकी कुमार ने कैडेटों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार करने में अहम भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: Patrol की जगह लिख दिया Petrol, झारखंड पुलिस की गाड़ी का सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक


