Ranchi: झारखंड के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने की मुहिम में जुटे प्रेझा फाउंडेशन ने राज्य स्तर पर एक बड़ा कदम उठाया है. फाउंडेशन द्वारा संचालित राज्य के सभी 37 प्रमुख कौशल कॉलेजों और कल्याण गुरुकुलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हजारों की संख्या में यूनिफॉर्म, जूते और विंटर वियर की जल्द ही डिलीवरी होने जा रही है. इससे राज्य के हजारों गरीब और वंचित छात्र-छात्राओं को एक नई और अनुशासित पहचान देगी, बल्कि कपड़ा और गारमेंट इंडस्ट्री के सप्लायर्स के लिए झारखंड में व्यापार का बड़ा अवसर भी प्राप्त होगा.
यह भी पढ़ें: बिरहोर युवक की मौत के बाद झाबर बिरहोर टोला में 12 घंटे से सड़क जाम, ग्रामीणों में आक्रोश

34 अलग-अलग आइटमों की होगी थोक सप्लाई
इसके तहत कुल 34 तरह के अलग-अलग आइटम शामिल हैं. इनमें छात्राओं के लिए बॉम्बे डाइंग या रेमंड्स जैसे ब्रांडेड कपड़ों से बने स्टिच्ड सलवार सूट, एप्रन, नर्सिंग साड़ियां और लड़कों के लिए शर्ट-पैंट शामिल हैं. इसके साथ ही लिबर्टी और बाटा जैसे ब्रांड्स के लेडीज शूज, सेफ्टी शूज, नर्सिंग शूज, कॉटन मोजे, विंटर जैकेट, स्वेटर, शेफ कैप और झारखंड सरकार व प्रेझा के लोगो वाले हजारों मोनोग्राम की डिलीवरी एक साथ की जाएगी.
इन 37 लोकेशंस पर एक साथ पहुंचेगी खेप
एग्रीमेंट साइन होने के महज 15 दिनों के भीतर झारखंड के कोने-कोने में स्थित सभी 37 लोकेशंस पर माल पहुंचाना होगा. इनमें रांची, लातेहार, जामताड़ा, साहिबगंज, सिमदेगा, रामगढ़, गिरिडीह, गोड्डा, खूंटी, चतरा, चाईबासा, दुमका, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो समेत प्रेझा फाउंडेशन से जुड़े राज्य के सभी संस्थान शामिल हैं.
समय पर डिलीवरी तो 45 दिनों में भुगतान
फाउंडेशन ने सप्लायर्स की सहूलियत के लिए पेमेंट की शर्तें बेहद साफ रखी हैं. माल की सफल डिलीवरी और इनवॉइस जमा होने के 60 दिनों के भीतर पूरा 100% भुगतान कर दिया जाएगा. जो वेंडर फुर्ती दिखाते हुए ऑर्डर कंफर्म होने के 7 दिनों के भीतर पूरी सप्लाई दे देंगे, उन्हें महज 45 दिनों के भीतर ही पेमेंट क्लियर कर दिया जाएगा. डिलीवरी में देरी होने पर सख्त पेनल्टी का भी प्रावधान है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पंचायती राज ने RGSA के तहत निकाली भर्ती, 1 लाख तक दिया जायेगा मानदेय
9 जून तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
इस बंपर सप्लाय ऑर्डर को पाने के लिए इच्छुक एजेंसियों को 09 जून रात 08:00 बजे तक अपना ऑनलाइन प्रस्ताव जमा करना होगा. टेंडर की प्रक्रिया पूरी तरह न्यूनतम लागत पद्धति पर होगी. आवेदकों के पास पैन कार्ड, जीएसटी रिटर्न और पिछले 2 वर्षों में किसी बड़े संस्थान को थोक में यूनिफॉर्म सप्लाय करने का अनुभव होना अनिवार्य है. सभी आवेदन केवल एमजंक्शन के आधिकारिक ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर ही स्वीकार किए जाएंगे.
