Palamu: पलामू संसदीय क्षेत्र के दूरस्थ और अब तक मोबाइल नेटवर्क से वंचित गांवों को डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों से पलामू और गढ़वा जिले के कई सुदूरवर्ती गांवों में 4G मोबाइल सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. यह परियोजना भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के अंतर्गत डिजिटल भारत निधि से वित्तपोषित है, जबकि इसका क्रियान्वयन भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा किया जा रहा है. इस संबंध में बीएसएनएल झारखंड सर्किल, रांची के मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार विपुल अग्रवाल ने 3 जून 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से जानकारी दी है.

66 टावरों से 106 गांवों को मिला 4G नेटवर्क
सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन गांवों तक आधुनिक दूरसंचार सुविधाएं पहुंचाना है, जहां भौगोलिक कठिनाइयों या व्यावसायिक कारणों से निजी कंपनियों ने अपने नेटवर्क का विस्तार नहीं किया था. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड 4G नेटवर्क उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन बैंकिंग और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा. सांसद ने बताया कि वर्तमान में पलामू संसदीय क्षेत्र में 66 मोबाइल टावरों का सफलतापूर्वक संचालन शुरू हो चुका है, जिनके माध्यम से 106 गांवों को 4G मोबाइल नेटवर्क कवरेज से जोड़ा गया है.
14 नए टावर लगाने की तैयारी
सांसद ने बताया कि क्षेत्र के जो इलाके अब भी मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं, वहां 14 अतिरिक्त मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे. इसके लिए भूमि आवंटन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करने हेतु बीएसएनएल और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के बीच समन्वय जारी है. उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होते ही टावर निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा. प्रस्तावित सभी 14 मोबाइल टावरों को मार्च 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद पलामू संसदीय क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी निर्बाध 4G कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी.
प्रधानमंत्री और संचार मंत्री का जताया आभार
इस जनहितकारी पहल के लिए सांसद विष्णु दयाल राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
ALSO READ: हजारीबाग: कोयला मजदूरों के वेतन समझौते पर बढ़ी बेचैनी, यूनियनों ने प्रबंधन को दी चेतावनी
