NEWS DESK: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाका कर दिया है. फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही भारी उत्साह देखने को मिल रहा था, जिसका असर सिनेमाघरों में साफ नजर आया. देश-विदेश में फिल्म की रिलीज के बाद कई जगहों पर सुबह से लेकर रात तक शो हाउसफुल रहे. फिल्म ने अपनी शुरुआत ही बेहद शानदार की है. रिलीज से पहले हुए पेड प्रीव्यू शोज में ही इसने मजबूत कमाई दर्ज की, जिससे फिल्म को जबरदस्त ओपनिंग मिली.

ओपनिंग डे पर धमाकेदार कलेक्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ ने पेड प्रीव्यू से लगभग 43 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके बाद रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 102.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस तरह फिल्म का कुल ओपनिंग डे कलेक्शन लगभग 145.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
कमाई की बात करें तो फिल्म का सबसे बड़ा योगदान हिंदी वर्जन से रहा, जिसने लगभग 99.10 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. इसके अलावा तेलुगु वर्जन से करीब 2.12 करोड़ रुपये, तमिल से 1.16 करोड़ रुपये, जबकि कन्नड़ और मलयालम वर्जन से भी मामूली कमाई दर्ज की गई.
बड़े रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ा
इस दमदार ओपनिंग के साथ ‘धुरंधर 2’ ने कई बड़ी बॉलीवुड और पैन-इंडिया फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. फिल्म की तुलना ‘जवान’, ‘पठान’, ‘एनिमल’ और ‘स्त्री 2’ जैसी बड़ी ओपनिंग फिल्मों से की जा रही है, जो पहले बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर चुकी थीं.
ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म की यही रफ्तार बनी रहती है तो यह आने वाले दिनों में और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है. खासकर वीकेंड पर इसकी कमाई में और उछाल देखने की उम्मीद जताई जा रही है.अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितना लंबा सफर तय करती है और क्या यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में अपनी जगह बना पाती है या नहीं.

