गिरिडीह: लगातार फीस में मनमानी और अन्य कई मुद्दों को लेकर संत जोसेफ स्कूल के अभिभावक पिछले तीन दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन द्वारा एडमिशन फीस समेत कई मामलों में अनियमितता बरती जा रही है.
पिछले तीन दिनों से अभिभावक स्कूल के प्राचार्य से मिलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आरोप है कि प्राचार्य उपलब्ध नहीं हैं. इसी कारण बुधवार को अभिभावकों का गुस्सा और बढ़ गया. सुबह से ही छात्रों के परिजनों की भीड़ बढ़ती गई और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि करीब 400 से 500 लोग स्कूल गेट के सामने बैठकर नारेबाजी करने लगे.
सूचना मिलने पर पाचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच वार्ता कराई गई. इस दौरान दोनों पक्षों ने जमीन पर बैठकर कई मुद्दों पर चर्चा की. हालांकि बैठक में आश्वासन तो दिया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका और मामला अगली तारीख के लिए टाल दिया गया.
इस बैठक में वार्ड 6 के वार्ड पार्षद संजीव कुमार भी मौजूद रहे
अभिभावकों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से अपने बच्चों को इस स्कूल में पढ़ा रहे हैं, लेकिन पहले के प्राचार्य के समय ऐसी कोई समस्या नहीं थी. उनका आरोप है कि मौजूदा प्राचार्य अभिभावकों से सीधे मिलने से बचते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य को हटाने की भी मांग की है.
सबसे बड़ा विवाद उस समय सामने आया जब अभिभावकों को जोड़ने के लिए बनाए गए एक ग्रुप के हैक होने का आरोप भी लगाया गया. अभिभावकों ने इसके लिए स्कूल प्रशासन और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
