सरायकेला: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चांडिल डैम के पुनर्वास स्थल कुकड़ू में संचालित शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय के शिक्षकों के वेतन भुगतान और विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो ने विद्यालय के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रांची में ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में विधायक ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक पिछले दो दशकों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अस्थायी रूप से कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के पारिश्रमिक का आज तक समुचित आकलन नहीं किया गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शिक्षकों को उनके कार्य के अनुरूप सम्मानजनक मानदेय दिया जाए और इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं.
विस्थापित बच्चों के लिए बना था स्कूल
इसके अलावा ज्ञापन में विद्यालय से जुड़ी अन्य बुनियादी समस्याओं को भी उठाया गया है. इनमें खेल मैदान की चारदीवारी का निर्माण, छात्रावास की मरम्मत, कम्युनिटी हॉल और शौचालय निर्माण की मांग शामिल है.गौरतलब है कि स्वर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के तहत चांडिल जलाशय से प्रभावित विस्थापित, दलित और आदिवासी परिवारों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1993 में इस विद्यालय की स्थापना की गई थी.वहीं, पिछले पांच वर्षों से विद्यालय की छात्राओं को साइकिल अनुदान और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है.
प्रतिनिधिमंडल की रही मौजूदगी
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो, विद्यालय के शिक्षक राम प्रसाद कुम्हार, पीतांबर महतो, सोनू रजक, वरुण चंद्र महतो, मुकुंद लोहरा, गुरुपद प्रामाणिक, सुषेण कुम्हार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो और स्नेहा महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

