Koderma: युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को डोमचांच में ‘रन फॉर योर हेल्थ एंड फ्यूचर’ थीम पर 7 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.

बनारस के रोहन कुमार रहे विजेता
मैराथन में बनारस के रोहन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. जमशेदपुर के अर्जुन टुडू दूसरे और उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी राजकुमार तीसरे स्थान पर रहे. चौथे से 20वें स्थान तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों को भी ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया.
सीएम-2 हाई स्कूल से शुरू हुई दौड़
मैराथन की शुरुआत सीएम-2 हाई स्कूल, डोमचांच से हुई. धावकों ने 7 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए चंद्रावती स्मारक उच्च विद्यालय के मैदान में दौड़ पूरी की. पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
अतिथियों ने युवाओं को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख डॉ. सत्यनारायण यादव, नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा, नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज, पूर्व नगर उपाध्यक्ष पप्पू मेहता और पूर्व मुखिया सुरेश कुमार मौजूद रहे. अतिथियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया.
खेल और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ेगी रुचि
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में फिटनेस और खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी. साथ ही नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता भी मजबूत होगी. अतिथियों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया.
ALSO READ: मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से दो की मौत, दो बच्चों समेत पांच घायल

