Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर अपने पूरे रंग में लौट आया है, जिससे राज्य के कई जिलों में खेती-किसानी और पर्यावरण के लिए बेहद सकारात्मक और राहत भरी तस्वीरें सामने आ रही हैं. 1 जून से 24 अगस्त तक की अवधि के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई है. हालांकि कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से थोड़ा नीचे जरूर है, लेकिन हालिया दौर की बेहतरीन बारिश ने धान की रोपनी और फसलों को नई जीवनदान दे दिया है. राज्य का औसत वर्षापात भी संतोषजनक स्थिति में बना हुआ है, जिससे किसानों के चेहरों पर संतोष और उम्मीद की एक बड़ी मुस्कान तैर रही है. कुल मिलाकर पूरे झारखंड राज्य का औसत देखा जाए तो 1 जून से 24 अगस्त के बीच 661.1 मिलीमीटर वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पूरे राज्य का सामान्य वर्षापात 744.5 मिलीमीटर है. इस हिसाब से अब तर 11 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है.

पलामू-उत्तरी छोटानागपुर में बढ़ी उम्मीद, बेहतर हुई स्थिति
राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो मौसम का मिजाज इलाक़े के हिसाब से अलग-अलग रहा है. पलामू जिले में इस दौरान 440.4 मिलीमीटर वास्तविक वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षापात 611.6 मिलीमीटर है. फिलहाल 28 फीसदी की कमी है. वहीं, चतरा में 381.6 मिलीमीटर बारिश हुई है. कमी 45 फीसदी है. गढ़वा में 375.2 मिलीमीटर बारिश हुई है कमी 44 फीसदी और कोडरमा में 46 फीसदी कमी दर्ज की गई है.इसी तरह देवघर में 49, गिरिडीह में 38, गोड्डा में 32, हजारीबाग में 33, बोकारो में 26 और पाकुड़ में 55 फीसलदी कम बारिश दर्ज की गई है.
सामान्य और संतोषजनक बारिश वाले जिले
राज्य के एक बड़े हिस्से में मानसून की स्थिति काफी हद तक संतुलित और सामान्य श्रेणी के भीतर बनी हुई है, जिससे कृषि गतिविधियों को सुचारू रूप से आगे बढ़ने में मदद मिल रही है. धनबाद में 10, दुमका में 19, पूर्वी सिंहभूम में तीन, गुमला में 23, जामताड़ा में 22, लोहरदगा में एक, रामगढ़ में 16, और साहिबगंज में 18 फीसदी की कमी दर्ज की गई है.
ALSO READ: होमगार्ड अधिनियम 1965 में बदलाव की तैयारी, केंद्र सरकार ने राज्यों से मांगे अंतिम सुझाव
कोल्हान और दक्षिणी जिले में बंफर बारिश
पश्चिमी सिंहभूम जिले में सबसे शानदार और चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है, जहां 1095.2 मिलीमीटर वास्तविक वर्षा दर्ज की गई, जबकि यहां का सामान्य वर्षापात 749.7 मिलीमीटर है सामान्य के 46 फीसदी अधिक बारिश हुई है. सिमडेगा में सामान्य से सात, खूंटी में सामान्य से पांच, लातेहार में सामान्य से पांच, रांची में सामान्य से चार और सरायकेला-खरसांवा में सामान्य से आठ फीसदी अधिक बारिश हुई है.

