Jamshedpur: सावन के पावन महीने की अंतिम सोमवारी पर जमशेदपुर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भोले बाबा की भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा. चारों तरफ बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परसुडीह स्थित नामोटोला अग्रवाल कॉलोनी के महाकालेश्वर मंदिर में भव्य सामूहिक जलाभिषेक का आयोजन किया गया. नरवा नदी से 10 KM की पदयात्रा ,पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालुओं ने सुबह नरवा नदी से जल उठाकर करीब 10 किलोमीटर की पदयात्रा की और महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. इस महा जलाभिषेक में पोटका विधायक संजीव सरदार भी हजारों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के साथ शामिल हुए. हाथों में गंगाजल लिए भक्त भोलेनाथ के भजनों पर झूमते-नाचते मंदिर पहुंचे. जलाभिषेक के बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन नजर आए. मंदिर समिति ने बताया कि शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक संपन्न हुआ, जिसके लिए पुलिस और स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाल रखा था.


