Giridih: ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके घर के करीब उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को तेलोडीह पंचायत सचिवालय परिसर में विशेष शिविर लगाया गया. शिविर में जाति, आवासीय और जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन जमा किए. CSC संचालकों ने ग्रामीणों के आवेदन और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए. पंचायत स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों को प्रमाणपत्र बनवाने के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली. शिविर में पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम, वार्ड प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. उन्होंने ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी. मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य सरकारी सुविधाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है. ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर प्रमाणपत्र संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया. उनका कहना था कि ऐसे शिविरों से समय और पैसे दोनों की बचत होती है.

AlsoRead:महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ 1 सितंबर को दिल्ली में CPI की बदलाव जरूरी रैली

