Hazaribagh: तीन दिवसीय खेल महोत्सव को लेकर 25 अगस्त को खेल मशाल जुलूस निकाला जाएगा. विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठनों के लोग रैली की शक्ल में शहर के अलग-अलग मार्गों से गुजरेंगे. DC हेमंत सती शाम 4 बजे बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) से हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना करेंगे. आयोजकों ने सभी खेल संघों और सामाजिक संगठनों से अपने-अपने बैनर के साथ इसमें शामिल होने की अपील की है. DC हेमंत सती की पहल और मार्गदर्शन में पहली बार हजारीबाग प्रमंडलीय मुख्यालय में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. यह महोत्सव 29, 30 और 31 अगस्त 2026 को बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम में होगा. इसमें हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. खिलाड़ियों के रहने, खाने-पीने और आवागमन की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है.

कई खेल प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
महोत्सव के दौरान फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, तीरंदाजी और बैडमिंटन समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. अंतिम दिन पुरस्कार वितरण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा. आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है.
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी करेंगे मशाल की अगुवाई
तैयारियों को लेकर हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा और नगर निगम के मेयर अरविंद राणा की अगुवाई में कोर कमिटी की बैठक हुई. इसमें खेल संगठनों, पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई. बैठक में तय किया गया कि हजारीबाग ओलंपिक संघ की मशाल लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी जुलूस की अगुवाई करेंगे. रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए दोबारा बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा. इसके लिए रूट चार्ट भी निर्धारित किया गया है.

