Jamtara: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर ‘चंदा चोरी’ और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में मंगलवार को जामताड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी सुल्तान अहमद और जिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष दीपिका बेसरा समेत पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.

27 अगस्त से शुरू होगा चरणबद्ध आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रदेश कमिटी के निर्देश पर विरोध-प्रदर्शन का चरणबद्ध कार्यक्रम तय किया गया है. इसके तहत 27 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा. इसके बाद 7 सितंबर को रांची में प्रदेश स्तरीय महाधरना आयोजित किया जाएगा. वहीं, 9 से 16 सितंबर तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों, चंदा संग्रह से जुड़े मुद्दों और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर पार्टी का पक्ष जनता के बीच रखा जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.

