Ranchi: रांची विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए पढ़ाई के साथ करियर, परीक्षा और भविष्य की चिंता भी बड़ी चुनौती बन रही है. कई छात्र इन दबावों के बीच अपनी परेशानियां किसी से साझा नहीं कर पाते. ऐसे विद्यार्थियों के लिए मोरहाबादी स्थित रांची विश्वविद्यालय का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मदद का नया जरिया बन रहा है. केंद्र में छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञों से नि:शुल्क परामर्श दिया जा रहा है. यहां विद्यार्थी तनाव, पढ़ाई का दबाव, परीक्षा का डर, करियर को लेकर असमंजस और दूसरी व्यक्तिगत परेशानियों पर खुलकर बात कर सकते हैं.

विद्यार्थियों की निजता का भी रखा जाता है ध्यान
केंद्र में बातचीत के दौरान विद्यार्थियों की निजता का भी ध्यान रखा जाता है. इससे उन छात्रों को मदद लेने में आसानी हो रही है, जो सामाजिक झिझक या परिवार के सामने अपनी परेशानी बताने में संकोच करते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि छात्र जीवन में मानसिक दबाव को समय रहते समझना जरूरी है. लगातार पढ़ाई का बोझ, बेहतर परिणाम की उम्मीद, रोजगार को लेकर चिंता और सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल युवाओं के तनाव को बढ़ा सकता है. ऐसे में समय पर काउंसलिंग मिलने से छात्रों को अपनी परेशानी समझने और उससे निपटने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: पार्किंग नहीं तो सड़क ही सही! बैंक के सामने वाहनों का जमावड़ा, हादसे को दे रहा न्योता

