Ranchi: कैरालि स्कूल, रांची में NCC ट्रूप नंबर 1/23 का उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम में 3 JH बटालियन NCC के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल बैंड की प्रस्तुति से हुई. इसके बाद छात्रों ने वंदे मातरम् प्रस्तुत किया. दीप प्रज्वलन के बाद स्कूल के प्राचार्य राजेश पिल्लई ने अतिथियों का स्वागत किया. मुख्य अतिथि कर्नल संतोष कुमार ने NCC ध्वज फहराया और NCC साइन बोर्ड का उद्घाटन किया. इस दौरान NCC गीत भी प्रस्तुत किया गया. मलयाली एसोसिएशन की ओर से कर्नल संतोष कुमार और सूबेदार मेजर कृष्ण देव को पौधा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.

छात्रों को अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश
कर्नल संतोष कुमार ने छात्रों को अनुशासन में रहने और अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि NCC से छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है. उन्होंने छात्रों से मिल-जुलकर काम करने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी छात्र जीवन में NCC से जुड़े रहे हैं.
छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान कक्षा चार से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने नृत्य की प्रस्तुति दी. छात्रों की प्रस्तुति को अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा. समारोह में 3 JH बटालियन NCC के सूबेदार मेजर कृष्ण देव, मलयाली एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष सजी नायर, महासचिव सुकुमारन नायर, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एस.एच. नाथन, सचिव के. रमेशन, प्राचार्य राजेश पिल्लई, उप-प्राचार्य के.आर. स्मृति सहित शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में NCC केयरटेकर ऑफिसर देवेंद्र बेहरा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इसके बाद राष्ट्रगान हुआ. मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने NCC कक्ष का भी निरीक्षण किया. स्कूल प्रबंधन ने कहा कि NCC ट्रूप शुरू होने से छात्रों को अनुशासन और नेतृत्व के साथ देशसेवा की भावना सीखने का अवसर मिलेगा.
ALSO READ : भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा: हम स्टूडेंट्स के लिए लड़ रहे हैं, इसको राजनीतिक रूप ना दें : देवेंद्र नाथ महतो

