हजारीबाग: ट्रक की टक्कर से टेंपो सवार 13 लोग घायल, जीटी रोड पर हादसा, पीछे से ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

Hazaribagh: बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप जीटी रोड पर मंगलवार की सुबह टेंपो और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में टेंपो सवार...

Hazaribagh: 13 people traveling in a tempo injured after being hit by a truck;

Hazaribagh: बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप जीटी रोड पर मंगलवार की सुबह टेंपो और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में टेंपो सवार 13 लोग घायल हो गए. हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ. घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं. कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया.

पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या जेएच 10 एके 5258 बगोदर से सवारी लेकर बरकट्ठा की ओर आ रहा था. इसी दौरान बरकट्ठा अस्पताल के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 23 एन 8254 ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गया.

महिलाओं और बच्चों समेत कई घायल

हादसे में बनासो निवासी क्रांति देवी (26), उनकी पुत्री सृष्टि कुमारी (4) और निधि कुमारी (2), विष्णुगढ़ निवासी अर्जुन रवानी (60), बरकट्ठा निवासी चिंता देवी (50), पेसरा निवासी शिवम कुमार (8), नावाडीह निवासी यशोदा देवी (50), खेतको बगोदर निवासी दिनेश ठाकुर (24) एवं उनकी पत्नी प्रीति रानी (20), मासीपीढ़ी बरकट्ठा निवासी तारा देवी (45) तथा वृंदा सरिया निवासी लखिया देवी (65) सहित अन्य लोग घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया.

गंभीर घायलों को हजारीबाग किया गया रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद शिवम कुमार समेत तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया. अस्पताल रजिस्टर में दो अन्य घायलों के नाम दर्ज नहीं हो पाने की जानकारी सामने आई है. अन्य घायलों का इलाज बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार, जीटी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. इस हादसे के बाद लोगों ने सड़क पर वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन की जरूरत बताई है. पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बरकट्ठा पुलिस ने पीछा कर बरकट्ठा चौक के पास ट्रक को पकड़ लिया तथा चालक को हिरासत में ले लिया.

ALSO READ : रामगढ़ पुलिस को मिले 20 नए पेट्रोलिंग वाहन, SP ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *