Chakradharpur: NH-75 (ई) रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पोटका के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. हादसे के बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी सद्दाम अंसारी और अब्दुल पेंटिंग व टाइल्स मिस्त्री का काम करते हैं. दोनों चक्रधरपुर के सिमिदिरी इलाके में काम खत्म करने के बाद बाइक से जमशेदपुर लौट रहे थे. इसी दौरान चाईबासा की ओर से चक्रधरपुर आ रहे पुरुषोत्तम कुमार यादव और अनिरुद्ध कुमार प्रधान की बाइक से पोटका के पास उनकी सीधी भिड़ंत हो गई. दुर्घटना में दोनों बाइकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. समाजसेवी सिकंदर जामुदा और स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को सड़क से उठाकर टोटो के माध्यम से चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. वहीं पुलिस ने भी पीसीआर वैन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
अनुमंडल अस्पताल में चारों घायलों का इलाज किया गया. चिकित्सकों के अनुसार तीन युवकों की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही थी. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

