Chatra: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए MMDR बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी की मंगलवार को जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने की. इस दौरान प्रस्तावित बिल को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति और आंदोलन के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई.

आंदोलन की रूपरेखा पर हुआ मंथन
बैठक में केंद्रीय नेतृत्व से प्राप्त निर्देशों के आलोक में MMDR बिल के विरोध में आगामी आंदोलन और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया. नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी. कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे बिल के प्रावधानों और आम लोगों, मजदूरों, किसानों तथा राज्य के हितों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के बारे में लोगों को जानकारी दें.
प्रखंड से पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
झामुमो नेताओं ने कहा कि MMDR बिल को लेकर पार्टी गंभीर है. इसके विरोध में संगठन को प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को लेकर अपने सुझाव भी रखे. संगठनात्मक विषयों के साथ आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई.
एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील
जिलाध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया. उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया. बैठक में जिला कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रतिनिधि, मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ: जामताड़ा: शिकायतों पर उपायुक्त सख्त, पशुधन योजना और महिला कॉलेज मामले में जांच के आदेश

