Bokaro: जिला स्तर पर मंगलवार को नेत्रदान महादान पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. रैली के माध्यम से आमजनों को नेत्रदान के महत्व, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से जरूरतमंद दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी लाने के प्रति जागरूक किया गया.

पखवाड़े के दौरान विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जाएगा. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि नेत्रदान वास्तव में महादान है. किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके नेत्र से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी आ सकती है. हमारा प्रयास है कि नेत्रदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से नेत्रदान का संकल्प लें.
नेत्रदान की प्रक्रिया और महत्व की दी जाएगी जानकारी
मौके पर उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, बोकारो डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है. मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति को दृष्टि का उपहार दिया जा सकता है. पखवाड़े के दौरान लोगों को नेत्रदान की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की जानकारी दी जाएगी.
कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों से नेत्रदान – महादान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा नेत्रदान के प्रति समाज में सकारात्मक सोच एवं जागरूकता विकसित करने में सहयोग की अपील की गई. जागरूकता रैली में डॉ. एन.पी. सिंह, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल डॉ. सेलिना टुडू, जिला RCH पदाधिकारी; हिना अग्रवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक; आशीष दीन, जिला कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार, DPMU कोऑर्डिनेटर सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ: जामताड़ा: शिकायतों पर उपायुक्त सख्त, पशुधन योजना और महिला कॉलेज मामले में जांच के आदेश

