Bermo: बोकारो DC के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने ऊपरघाट स्थित पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

अभियान के दौरान कंजकीरो से पेंक नारायणपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से स्टोन चिप्स का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को टीम ने मौके पर ही धर दबोचा. ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पेंक नारायणपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है.
10,800 घनफीट अवैध बालू जब्त
इसी कड़ी में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम ने गोनियाटो मेला टांड में भी छापेमारी की, जहां से लगभग 10,800 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू को जब्त किया गया.
इस मामले में खनन विभाग की ओर से पेंक नारायणपुर थाने में अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. इस पूरी छापेमारी का नेतृत्व खान निरीक्षक अजय कुमार महतो कर रहे थे, जिनके साथ पुलिस बल की टीम मुस्तैद रही.

