साहिबगंज: जिले में शुक्रवार की रात तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के सरयपुरा गांव में ग्रामीणों की सजगता से पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है. तस्करी के लिए ले जाए जा रहे पांच गोवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे.

कैसे हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात एक बिना नंबर की पिकअप वैन सरयपुरा गांव के रास्ते से गुजर रही थी. ग्रामीण सड़क कच्ची होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरे कीचड़ में फंस गया. वाहन को निकालने की कोशिश कर रहे तस्करों के शोर-शराबे से कुछ ग्रामीणों की नींद खुल गई. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तस्करों में हड़कंप मच गया और वे वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए. जब ग्रामीणों ने लावारिस हालत में खड़ी पिकअप वैन की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए. वाहन के भीतर पशु ठूस-ठूस कर लदे हुए थे.

