गिरिडीह : गांडेय के झरघट्टा में युवक पर जानलेवा हमला, पेट में गोली लगने से घायल

Giridih: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा में सोमवार की शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला...

Giridih: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा में सोमवार की शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जमबाद निवासी टिंकू मरीक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. घायल और उसके परिजनों के अनुसार टिंकू मरीक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. टिंकू मरीक सोमवार की शाम झरघट्टा की ओर से अपने घर की तरफ आ रहा था. इसी दौरान रास्ते में उस पर हमला किया गया और पेट में गोली मार दी गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे धनबाद रेफर कर दिया.

हमलावरों को पकड़ने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई. एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में गांडेय थाना पुलिस, सर्किल इंस्पेक्टर और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने उस स्थान का भी मुआयना किया, जहां गोली मारने की बात कही जा रही है. इधर घटना के बाद इलाके में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है. पुलिस की टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें : पटना : बाहुबली विधायक अनंत सिंह बेऊर जेल से आए बाहर, समर्थकों में उत्साह, दुलारचंद यादव हत्याकांड में हैं आरोपी

पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही

इस संबंध में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि जमबाद निवासी टिंकू मरीक को झरघट्टा में गोली मारने की सूचना मिली है. मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है. पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किस वजह से हुई और वास्तव में गोली मारी गई है या किसी अन्य हथियार से हमला किया गया है. फिलहाल पुलिस की कई टीमें छापेमारी में जुटी हुई हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *