चतरा: रामनवमी जुलूस से पहले जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. उपायुक्त कृतिश्री जी और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल खुद सड़कों पर उतरकर शहर के संवेदनशील इलाकों का जायजा लेते दिखे. इस दौरान खानखा मस्जिद, किशनपुर चौक और केशरी चौक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई.

जुलूस के लिए पूरी तैयारी, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
मौके पर डीसी कृतिश्री जी ने कहा कि जुलूस की निगरानी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. उन्होंने बताया कि जुलूस निर्धारित और सुरक्षित रूट से निकाला जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो. इसके लिए चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है.
Also Read: झारखंड सरकार ने दी बजट खर्च की हरी झंडी: एक अप्रैल से शुरू होगा व्यय, वित्त विभाग ने जारी किए आदेश
सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर, चेतावनी जारी
वहीं एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की. साथ ही असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर भी प्रशासन की पैनी नजर है. किसी भी तरह के भड़काऊ पोस्ट पर ग्रुप एडमिन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारी और जवान रहे मौजूद
इस दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीपीओ संदीप सुमन, बीडीओ हरिनाथ महतो, सीओ अनिल कुमार और थाना प्रभारी अवधेश सिंह सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.
