गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिले के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘ग्रेजुएशन डे’ का आयोजन उत्सवपूर्ण और भावनात्मक माहौल में किया गया. इस अवसर पर 6 वर्ष पूर्ण कर चुके लगभग 2500 बच्चों को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई और उनके विद्यालयी जीवन की नई शुरुआत का स्वागत किया गया.

बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए कई विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया. नन्हें बच्चों को ‘ग्रेजुएट’ के रूप में तैयार कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, जिससे उनके भीतर आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हो सके. इस मौके पर अभिभावक, सेविका और सहायिका भी उपस्थित रहे और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Also Read: रांची: रेलवे घूसकांड में CBI की कार्रवाई के बाद सीनियर DCM शुचि सिंह का तबादला
प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने की पहल
उपायुक्त के निर्देशानुसार इस पहल का उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (Early Childhood Care and Education) को सशक्त बनाना है, ताकि बच्चों को विद्यालयी शिक्षा के लिए सहज और प्रेरणादायक वातावरण मिल सके.
नई राह पर बढ़ने के लिए किया गया प्रोत्साहित
‘ग्रेजुएशन डे’ के माध्यम से बच्चों के जीवन के इस महत्वपूर्ण संक्रमण काल को उत्सव के रूप में मनाया गया और उन्हें नई राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया. यह पहल बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और समुदाय में भी शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने में सफल रही.
उज्ज्वल भविष्य की कामना
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये नन्हें कदम आगे चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी बच्चे शिक्षा के इस नए सफर में निरंतर प्रगति करते हुए अपने सपनों को साकार करेंगे.
