Saraikela: 09 अगस्त को जिले में विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. बता दें, यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से टाउन हॉल में शुरू होगा. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी. इस कार्यक्रम में छऊ नृत्य, नटुआ नृत्य, मानभूम छऊ नृत्य, मुंडारी नृत्य एवं महिला पाइका नृत्य सहित विभिन्न पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी. इनके माध्यम से जिले एवं झारखंड की समृद्ध आदिवासी एवं लोक संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त जिले के सभी प्रखंडों में भी प्रखंड स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

DC ने विश्व आदिवासी दिवस को लेकर क्या कहा
इस अवसर पर DC, सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है. स्थानीय लोक परंपराओं, कला, नृत्य, संगीत, रीति-रिवाज एवं जीवन-पद्धति को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

DC ने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अपने-अपने स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागी बनें तथा आदिवासी संस्कृति एवं स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.


