बेरमो: बेरमो अनुमंडल के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको गांव में रामनवमी उत्सव के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. अखाड़ा परिसर में धार्मिक ध्वज (झंडा) स्थापित करने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 1,32,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया. इस हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

झंडा तार से छूते ही फैला करंट, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतको में रामनवमी जुलूस के शांतिपूर्ण समापन के बाद अखाड़ा परिसर में विधि-विधान के साथ झंडा स्थापित किया जा रहा था. जैसे ही लोगों ने भारी-भरकम झंडे को सीधा खड़ा करने की कोशिश की, उसका ऊपरी हिस्सा पास से गुजर रहे हाई टेंशन तार से स्पर्श कर गया. तार छूते ही तेज करंट झंडे के माध्यम से नीचे खड़े लोगों तक पहुंच गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
प्रशासन और पुलिस तुरंत पहुंची, इलाज के दिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया. बेरमो एसडीपीओ बशिष्ठ नारायण सिंह, एसडीएम मुकेश मछुआ, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव और पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए.
घायलों की हालत नाजुक
चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल में भर्ती 6 घायलों में से कुछ की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है. प्रशासन की देखरेख में उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है. अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है. घटना के बाद पूरे खेतको और आसपास के क्षेत्रों में शोक और चिंता का माहौल है.
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी खेतको में मुहर्रम जुलूस के दौरान करंट की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो चुका है, जिसमें कई लोगों की मौत और कुछ लोग घायल हुए थे. प्रशासन ने भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान बिजली के तारों और अन्य संभावित खतरों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
