कोडरमा: जिले में शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास एक अनियंत्रित हाईवा ने कहर बरपाते हुए एक साथ तीन कारों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दो कारों में सवार करीब 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है.

अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में घुसा हाईवा:
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार हाईवा अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया. जिसके बाद हाईवा डिवाइडर को तोड़ते हुए विपरीत दिशा वाली लेन में घुस गया. इस दौरान सामने से आ रही तीन कारें एक के बाद एक इस भारी वाहन की चपेट में आ गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कारों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए.
बिहार से रांची और रजरप्पा जा रहे थे श्रद्धालु:
घायल कार चालक चंदन कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बिहार से रांची की ओर जा रहे थे. वहीं, उनके पीछे चल रही दूसरी कार में सवार लोग रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में दर्शन-पूजन के लिए निकले थे. नौवां माइल के समीप पहुंचते ही सामने से आ रहे हाईवा ने पलक झपकते ही सब कुछ तहस-नहस कर दिया. हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई.राहत और बचाव कार्य हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पेट्रोलिंग कर रही पीसीआर पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलाई और सभी घायलों को तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
