कोडरमा: फर्नीचर गोदाम में भीषण आग से 50 लाख की संपत्ति खाक, चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के करमा गांव में मंगलवार की सुबह एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके...

कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के करमा गांव में मंगलवार की सुबह एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस भयावह अग्निकांड में गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे संचालक को करीब 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है.

स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 3:00 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक शॉर्ट सर्किट जैसी तेज आवाज सुनाई दी और आसमान में तेज रोशनी दिखाई दी. जब तक लोग कुछ समझ पाते, गोदाम की खिड़कियों से आग की लपटें बाहर निकलने लगीं.

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गोदाम मालिक जफीर अंसारी को दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. लेकिन गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर और पॉलिश जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया.

सूचना मिलने के बाद तिलैया पुलिस और अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. हालांकि, तब तक गोदाम के अंदर रखा सारा कीमती सामान जलकर राख हो चुका था.

गोदाम मालिक जफीर अंसारी ने बताया कि घटना के समय वह हजारीबाग जिले के बरही में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. जैसे ही उन्हें करमा में आग लगने की सूचना मिली, वे तुरंत वापस लौटे. जफीर के अनुसार, गोदाम में केवल लकड़ी के फर्नीचर ही नहीं, बल्कि भारी मात्रा में लोहे की अलमारियां, फ्रिज, कूलर, महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य घरेलू सामान भी रखे थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *