Ranchi: झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की ओर से बुधवार को राजधानी रांची के रेडियम रोड स्थित होटल आलोका सभागार में प्रख्यात साहित्यकार, शिक्षाविद् और झारखंड आंदोलन के अग्रणी हस्ताक्षर डॉ. वी.पी. केशरी की 94वीं जयंती पर जयंती समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में वैश्य समाज के लोगों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
नई पीढ़ी को उनके आदर्श अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ बीपी केशरी (Dr. B.P. keshari) के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने साहित्य, शिक्षा और झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया. उन्होंने वर्ष 1987 में झारखंड समन्वय समिति का गठन कर अलग झारखंड राज्य आंदोलन को मजबूत आधार प्रदान किया. राज्य गठन के बाद भी वे सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विकास के लिए सक्रिय रहे. वक्ताओं ने कहा कि डॉ. वी.पी. केशरी का जीवन समाज सेवा, शिक्षा और झारखंड की अस्मिता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है. उन्होंने नई पीढ़ी से उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने की अपील की.

कई क्षेत्रों की हस्तियों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया गया. इनमें डॉ. वी.पी. केशरी की पुत्री प्रो. सीमा केशरी, प्रगतिशील किसान शिव नारायण साहु, आकाशवाणी रांची के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव संजीव कुमार लाल, नागपुरी फिल्म कलाकार रमन गुप्ता, कवि महावीर साहु, पूर्व डीएसपी विनोद कुमार, वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक अशोक कुमार, रजत कुमार गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार सुनील चौधरी तथा समाजसेवी शंकर प्रसाद शामिल रहे.
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि डॉ. वी.पी. केशरी के विचार और उनका संघर्ष झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे. समारोह का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया.
ALSO READ: रांची: सिरमटोली फ्लाईओवर के कनेक्टिंग ब्रिज का निर्माण शुरू, दुकानदारों ने जताया विरोध


