Koderma: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त (Deputy Commissioner) उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में वन विभाग, पथ निर्माण विभाग, भवन निगम, पेयजल, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, भू-अर्जन, नगर परिषद झुमरी तिलैया, पर्यटन, राजस्व, शिक्षा, निर्वाचन समेत अन्य विभागों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.
इस दौरान उपायुक्त ने पेयजल विभाग के अंतर्गत ग्राम गरचांच एवं मंडरिया के बीच पाइपलाइन बिछाने, भाहरी जलापूर्ति योजना, फुलवरिया गांव में पाइपलाइन बिछाने के कार्य की प्रगति, वन विभाग के अंतर्गत वनाधिकार अधिनियम, 2006 (Forest Rights Act, 2006) के तहत निर्गत वन पट्टा, कोडरमा-कोठियार पथ सुदृढ़ीकरण कार्य, समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय निर्माण, भू-अर्जन विभाग के अंतर्गत तिलैया-बगड़ो-जयनगर पथ, डोमचांच-पिपचो पथ, बगड़ो से महेशपुर चौक पथ, सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (Digital Life Certificate), मिशन वात्सल्य (Mission Vatsalya) तथा भूमि अतिक्रमण हटाने की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की.

Also Read: ट्रैफिक पुलिस ने एक महीने में काटा 9.50 करोड़ का रिकॉर्ड चालान
समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
उपायुक्त ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त (DDC) रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) निर्मल सोरेन, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर समेत अन्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


