रांची में जलापूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, नगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

Ranchi: गर्मी के मौसम को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहरवासियों को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ‘समर...

Ranchi: गर्मी के मौसम को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहरवासियों को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ‘समर एक्शन प्लान’ लागू किया है. इसी क्रम में 1 अप्रैल 2026 को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने जलापूर्ति व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

कई क्षेत्रों में व्यवस्था मिली असंतोषजनक

निरीक्षण के दौरान हातमा बस्ती, मिसिरगोंदा और कांके रोड क्षेत्र में स्थापित एचवाईडीटी की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई. इस पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत, साफ-सफाई और रंग-रोगन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को बिना किसी बाधा के स्वच्छ जल मिल सके.

बिजली बाधा से प्रभावित हुई जलापूर्ति

हातमा बस्ती में बिजली आपूर्ति में बाधा के कारण जलापूर्ति प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त ने विद्युत विभाग को तत्काल समस्या दूर करने का निर्देश दिया. वहीं, मिसिरगोंदा क्षेत्र में साफ-सफाई की कमी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए.

नगर निगम की मौजूदा जल व्यवस्था

नगर निगम के अनुसार वर्तमान में शहर में 2507 चापाकल, 181 एचवाईडीटी और 1611 मिनी एचवाईडीटी के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही है. इसके अतिरिक्त, जल संकट की आशंका वाले क्षेत्रों में 65 टैंकरों के जरिए मांग के अनुसार निःशुल्क पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसी भी वार्ड में पानी की कमी न हो.

Also Read:गुमला: घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रोक को लेकर छापेमारी, सभी होटल-प्रतिष्ठानों में नियमों का पालन

53 वार्डों में निर्बाध जलापूर्ति प्राथमिकता

नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर के सभी 53 वार्डों में स्वच्छ और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए पूरी टीम अलर्ट मोड में काम कर रही है और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है.

शिकायतों पर 24 घंटे में समाधान का दावा

जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगम ने कई अहम कदम उठाए हैं. सात विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर रही हैं. जहां सिस्टम पूरी तरह खराब है, वहां टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति की जा रही है. साथ ही, अवैध जल कनेक्शन और जार वाटर प्लांट के खिलाफ लगातार जांच और कार्रवाई भी की जा रही है.

टोल फ्री नंबर जारी, जनता से अपील

नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलापूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना टोल फ्री नंबर 18005701235 पर दें, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *