सदर अस्पताल बना हाईटेक, PET स्कैन, 24×7 रेडियोलॉजी और नए OT से बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवा

Ranchi: सदर अस्पताल को और आधुनिक व मरीजों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. उपायुक्त-सह-जिला...

Ranchi: सदर अस्पताल को और आधुनिक व मरीजों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला अस्पताल प्रबंधन समिति (शासी निकाय) की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, नई सुविधाएं शुरू करने और मौजूदा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही.

अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार

बैठक में यह तय किया गया कि सदर अस्पताल में अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. PET स्कैन सेवा शुरू करने के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है और 24×7 रेडियोलॉजी सेवाओं को मंजूरी दी गई है. इससे गंभीर मरीजों को बेहतर जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. वहीं, अल्ट्रासाउंड जांच को दो पालियों में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जिससे मरीजों का इंतजार कम होगा और समय पर जांच संभव हो सकेगी.

ग्रामीण मरीजों के लिए नई व्यवस्था

ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को ध्यान में रखते हुए प्रखंडों से रक्त नमूना संग्रहण कर उसे सुरक्षित रूप से सदर अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था को भी स्वीकृति दी गई है. इससे गांवों के मरीजों को समय पर और सटीक जांच रिपोर्ट मिल सकेगी.

Also Read: बड़ी खबर: झारखंड प्रशासनिक सेवा के स्पेशल सेक्रेट्री को मिलेगा 10 हजार ग्रेड-पे, वित्त विभाग की मंजूरी

महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस

महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सदर अस्पताल में अब मेमोग्राफी जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है. इससे स्तन संबंधी बीमारियों की समय पर और किफायती जांच संभव हो सकेगी.

6 नए ऑपरेशन थिएटर शुरू

अस्पताल की सर्जिकल क्षमता को बढ़ाते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 6 ऑपरेशन थिएटर (OT) शुरू कर दिए गए हैं, जो दो पालियों में कार्य करेंगे. इससे अधिक मरीजों का समय पर ऑपरेशन हो सकेगा और आपातकालीन सेवाओं में तेजी आएगी.

इन्फ्रास्ट्रक्चर और दरों पर फैसला

अस्पताल भवनों के रखरखाव, नए उपकरणों की खरीद और पुराने उपकरणों के निष्पादन का भी निर्णय लिया गया है, ताकि परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक बना रहे. गैर-आयुष्मान मरीजों के लिए उपचार दरों का निर्धारण भी किया गया है, जिससे सभी वर्गों के मरीजों को पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.

डिजिटल सुविधा और निरीक्षण

डिजिटल सुविधा को मजबूत करते हुए सदर अस्पताल को पूर्ण रूप से वाई-फाई जोन बना दिया गया है. इससे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को कार्य करने में सुविधा होगी. बैठक के बाद उपायुक्त ने अस्पताल का निरीक्षण कर ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *