तीरंदाजी में झारखंड का जलवा, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में ओवरऑल चैंपियन

रांची: खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार तथा छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर,...

Khelo India Tribal Games
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स चैंपियन

रांची: खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार तथा छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीरंदाजी में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. अंतिम दिन झारखंड तीरंदाजी टीम ने 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर कुल 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित 7 पदकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया.

झारखंड महिला टीम ने प्राप्त किया तीसरा स्थान

प्रतियोगिता के अंतिम दिन रायपुर में हुए मुकाबलों में विश्व चैंपियन कोमालिका बारी ने रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में गुजरात की भागोरा भार्गवी वर्गीशकुमार को 6-4 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं, पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में झारखंड ने ओडिशा को टाईब्रेकर में हराकर स्वर्ण पदक जीता. इस टीम में दिनेश मुर्मू, कृष्णा पिंगुआ और लखन बोदरा शामिल रहे.

हालांकि, महिला रिकर्व टीम को फाइनल में नागालैंड से 2-6 से हार का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.  इस टीम में कोमालिका बारी, अनुराधा कुमारी और मनीषा कुमारी शामिल थीं. इधर, सरगुजा के गांधी स्टेडियम में आयोजित मलखंभ प्रदर्शनी प्रतियोगिता में झारखंड महिला टीम ने ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त किया.

16 स्वर्ण पदक झारखंड के नाम

झारखंड ने कुल सात खेलों- एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और महिला फुटबॉल में 107 खिलाड़ियों के साथ भाग लिया. इसके अलावा कबड्डी और मलखंभ में प्रदर्शनी मुकाबलों में भी दमदार प्रदर्शन किया. राज्य ने कुल 16 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य सहित 35 पदक जीतकर देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया.

पदक तालिका में कर्नाटक 23 स्वर्ण के साथ पहले और ओडिशा 21 स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर रहा.  इससे पहले झारखंड की महिला एथलेटिक्स टीम भी ओवरऑल चैंपियन बनी थी.

खेलवार प्रदर्शन इस प्रकार रहा 

एथलेटिक्स: 9 स्वर्ण, 3 रजत, 5 कांस्य

कुश्ती: 4 स्वर्ण, 1 कांस्य

तीरंदाजी: 3 स्वर्ण, 2 रजत, 2 कांस्य

हॉकी: पुरुष – रजत, महिला – कांस्य

फुटबॉल (महिला): रजत

भारोत्तोलन: 1 रजत, 1 कांस्य

तैराकी: 1 कांस्य

प्रदर्शनी मुकाबलों में कबड्डी पुरुष टीम ने कांस्य और महिला टीम ने रजत पदक जीता, जबकि मलखंभ में पुरुष एवं महिला दोनों टीमों ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू समेत खेल विभाग के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: सड़क पर पिस्टल लहराने वाले दो अपराधी को पुलिस ने हाथ जोड़कर कराया परेड

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *