एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी! चोर ने निगला ब्रेसलेट, 2 दिन बाद निकला बाहर

NEWS DESK: “एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी” — ये कहावत तो आपने जरूर सुनी होगी, लेकिन बरेली में सामने आया...

NEWS DESK: “एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी” — ये कहावत तो आपने जरूर सुनी होगी, लेकिन बरेली में सामने आया ये ताजा मामला इस कहावत को सच साबित करता नजर आया.

क्या था पूरा मामला 

उत्तर प्रदेश के बरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी के आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान सबूत मिटाने के लिए चांदी का ब्रेसलेट ही निगल लिया. हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते दो दिन बाद वह ब्रेसलेट आरोपी के पेट से बरामद कर लिया गया.

बारादरी थाना पुलिस ने शातिर चोर सिकंदर उर्फ छोटा और उसके साथी मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के दौरान सिकंदर ने हाथ में पहना हुआ चोरी का ब्रेसलेट तुरंत मुंह में डालकर निगल लिया. इसके बाद पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां एक्स-रे में ब्रेसलेट उसके पेट में साफ दिखाई दिया.

दो दिन निगरानी के बाद शौच से बरामद हुआ ब्रेसलेट

पुलिस ने डॉक्टरों की सलाह पर आरोपी को दो दिनों तक निगरानी में रखा और उसकी मनपसंद का खाना खिलाया, लेकिन वह शौच नहीं कर रहा था. आखिरकार चिकित्सकीय परामर्श पर दवा दी गई, जिसके बाद शौच के जरिए ब्रेसलेट बाहर निकलवाया गया.

बरामद चांदी का ब्रेसलेट बारादरी थाने के मालखाने में जमा कर दिया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 30 मार्च की रात सम्राट अशोक नगर स्थित अशोक कुमार के घर में छत के रास्ते घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान तीन मोबाइल फोन, एक ब्रेसलेट और एक बुलेट बाइक चोरी की गई थी.

सीसीटीवी और यक्ष एप से हुई पहचान, दो आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और ‘यक्ष एप’ की मदद से आरोपियों की पहचान की गई. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सिकंदर हाजियापुर का रहने वाला है, जबकि उसका साथी मुकेश बिथरी चैनपुर का निवासी है.पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *