लातेहार: चार अप्रैल को लातेहार जिले ने अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं. इस रजत जयंती के अवसर पर पूरे जिले में उत्सव का माहौल है. शनिवार सुबह से ही विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जिले की प्रगति और एकता का संदेश दिया जा रहा है.
रन फॉर लातेहार से हुई सुबह की शुरुआत:
स्थापना दिवस का आगाज सुबह छह बजे रन फॉर लातेहार सह सद्भावना दौड़ के साथ हुआ. डीसी उत्कर्ष गुप्ता और एसपी कुमार गौरव ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ को रवाना किया. यह दौड़ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कारगिल पार्क तक पहुंची इस दौड़ में डीसी के साथ एसपी कुमार गौरव, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी और उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने भी कदमताल किया. कारगिल पार्क पहुंचकर सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया और वीर शहीदों को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.
