धनबाद: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर गुरुवार को शहर की कानून-व्यवस्था का जायजा लेने और आम जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा जगाने के उद्देश्य से सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया.

पूरे शहर में भ्रमण कर दिया सुरक्षा का संदेश
फ्लैग मार्च की शुरुआत में पुलिस का अनुशासन और मुस्तैदी देखते ही बन रही थी. बाइक पर सवार सिटी हॉक्स के जवानों ने पूरे शहर में भ्रमण कर सुरक्षा का संदेश दिया. यह मार्च बैंक मोड़ से शुरू होकर नया बाजार, वासेपुर, आजाद नगर, भूली, पांडरपाला, भरत चौक, शमशेर नगर, विनोद बिहारी चौक, बाबूडीह, सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, हिरापुर, स्टील गेट, सरायधेला और गोल बिल्डिंग जैसे सघन और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा.
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
फ्लैग मार्च के दौरान सिटी एसपी ने स्वयं कई इलाकों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. पुलिस प्रशासन ने विशेष रूप से उन क्षेत्रों को चिह्नित किया है, जिन्हें चुनाव के लिहाज से संवेदनशील या अति-संवेदनशील माना जा रहा है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए.
यह भी पढ़ें: रांची: महिला अधिवक्ता ने स्टॉकिंग व हैकिंग का लगाया आरोप, छह के विरुद्ध साइबर थाना में एफआईआर दर्ज

