पाकुड़: पाकुड़ में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने पार्टी का 47वां स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया. कार्यक्रम जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू के नेतृत्व में मनाया गया. इस अवसर पर पाकुड़ जिले के सभी मंडलों में भी मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान भाजपा के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान जनसंघ व भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया.
अटल चौक पर भाजपा ध्वज का किया गया ध्वजारोहण
मोहित ठाकुर नगर स्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में अटल चौक पर श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा भाजपा ध्वज का ध्वजारोहण किया गया. साथ ही भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की. इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में समाज व देश के लिए जीने की भावना जनसंघ काल से ही चली आ रही है. उनका जीवन राष्ट्र प्रथम के भाव और इसकी संकल्प से सिद्धि के लिए समर्पित रहता है. अपने संस्थापकों के सिद्धांतों मूल्य व आदर्शो पर चलते हुए कार्यकर्ताओं में समर्पण भाव से ही आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में प्रतिष्ठित हुई है.
यह भी पढ़ें: पलामू: भाजपा कार्यालय में मनाया गया 47वां स्थापना दिवस, सांसद ने कार्यकर्ताओं संग फहराया पार्टी का झंडा
