रांची: मौसम केंद्र रांची ने चतरा, गढ़वा, लातेहार और पलामू समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. चेतावनी के अनुसार अगले दो से तीन घंटों के भीतर इन जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम दर्जे का मेघ गर्जन, वज्रपात, हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है.
अचानक मौसम में बदलाव के कारण अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि यह बदलाव अचानक सक्रिय हुए सिस्टम के कारण हो रहा है. रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है, जिससे वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है.
रांची में भी दिख सकता है असर
हालांकि अलर्ट विशेष जिलों के लिए जारी किया गया है, राजधानी रांची में भी इसका असर देखने को मिल सकता है. आसमान में बादल छाने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को उमस से राहत मिल सकती है.
ALSO READ: डीसी के निर्देशों की अवहेलना, घर तक नहीं पहुंच रहे गैस सिलेंडर; उपभोक्ता कतार में खड़े होने को मजबूर
लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े न रहने की सलाह दी गई है. साथ ही, किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खेतों में न जाने और मौसम सामान्य होने तक इंतजार करने को कहा गया है.
