चाईबासा: जिले स्थित सारंडा वन क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. नक्सलियों के खिलाफ जारी निर्णायक अभियान के बीच, कुदरत के कहर ने एक जांबाज जवान की जान ले ली. तेज आंधी-तूफान के कारण एक विशाल पेड़ गिरने से सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार शहीद हो गए. शहीद राकेश कुमार मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड अंतर्गत।धमनी गांव।के निवासी थे राकेश कुमार के शहीद होने की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
कैसे हुआ हादसा?:
सारंडा के जंगलों में इन दिनों नक्सलियों के खात्मे के लिए सुरक्षाबलों द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है. मंगलवार की देर रात क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली और भीषण आंधी-तूफान शुरू हो गया. इसी दौरान बाबू डेरा कैंप के समीप एक विशालकाय पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर जवान राकेश कुमार के ऊपर जा गिरा. इस हादसे में राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.जंगल और खराब मौसम के बावजूद, साथी जवानों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए बुधवार की अहले सुबह घायल जवान को हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया. रांची के अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
