Ranchi: झारखंड में कथित ट्रेजरी घोटाले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा प्रवक्ता अजय साह द्वारा इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय की एंट्री की बात कहे जाने पर प्रदेश कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा विकास कार्यो में बाधा डालने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है. कांग्रेस के मीडिय़ा प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी कानून और संविधान में पूर्ण विश्वास रखती है. हम निष्पक्ष जांच के पक्षधर हैं, लेकिन भाजपा जिस तरह राजनीतिक लाभ के लिए भय का माहौल बना रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है.
यह भी पढ़ें : जल संसाधन विभाग का दो इंजीनियर 1.72 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने की कार्रवाई
जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का व्यवहार यह स्पष्ट करता है कि वह जांच एजेंसियों को एक राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है. उनका उद्देश्य राज्य के विकास को बाधित करना है. भाजपा प्रवक्ताओं की बयानबाजी से ऐसा प्रतीत होता है जैसे ईडी कोई स्वतंत्र संवैधानिक संस्था न होकर भाजपा की एक अनुषंगिक इकाई बन गई हो. राकेश सिन्हा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश पहले ही दे दिए हैं. जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : बोकारो जोन में पुलिस की कार्रवाई: एक ही रात में 79 अभियुक्त गिरफ्तार, 239 वारंट निष्पादित
