बेरमो: बेरमो अनुमंडल के फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गुरुवार को प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया. बेरमो पुलिस और फुसरो नगर परिषद प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान में बाजार क्षेत्र की दर्जनों अवैध दुकानों और ढांचों को जेसीबी से ढहा दिया गया. अभियान की शुरुआत होते ही पूरे फुसरो बाजार में हड़कंप मच गया. भारी पुलिस बल और जेसीबी को देखकर कई दुकानदार आनन-फानन में खुद ही अपनी दुकानों के बाहर निकले छज्जे, बोर्ड और अस्थाई शेड हटाने लगे.
अवैध पार्किंग स्थलों को भी कराया गया साफ
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क की जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दुकानों के अलावा सड़कों को जाम कर बनाए गए अवैध पार्किंग स्थलों को भी साफ कराया गया. कार्रवाई के दौरान केवल दुकानों पर ही नहीं, बल्कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े चार पहिया वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया. प्रशासन ने ऐसे दर्जनों वाहनों की फोटोग्राफी करवाई है. बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह ने बताया कि सभी वाहन स्वामियों की पहचान कर उनका चालान काटा जाएगा, ताकि भविष्य में कोई सड़क पर अवैध पार्किंग न करे.
बड़ी संख्या में पुलिस बल रही तैनात
इस विशेष अभियान का नेतृत्व अंचल अधिकारी सह आवासीय दंडाधिकारी संजीत कुमार सिंह, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार और बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही, ताकि किसी भी विरोध की स्थिति से निपटा जा सके. नगर परिषद के अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि यह अभियान केवल आज के लिए नहीं है. यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, तो न केवल निर्माण ध्वस्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना भी लगाया जाएगा. प्रशासन के इस कड़े तेवर को देखकर क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप व्याप्त है.
यह भी पढ़ें: रांची में होगा मतदाता पंजीकरण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, तैयारियों में जुटा निर्वाचन विभाग
