Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है. इसी कड़ी में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में डुमरी एवं बगोदर थाना क्षेत्र के समीप जीटी रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस सघन जांच अभियान के दौरान भारी मालवाहक वाहनों ट्रक, ट्रेलर और डंपर की बारीकी से जांच की गई. जांच में कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोते पाए गए, जो न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है. इस पर कार्रवाई करते हुए कुल पांच ओवरलोडेड वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह है. ऐसे में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की कि वे तय मानकों के अनुरूप ही माल ढुलाई करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें : आजसू का हमला : प्रवीण प्रभाकर ने कहा- ‘प्रश्नपत्र में 100 से ज्यादा गलतियां, JPSC अध्यक्ष को हटाए राज्य सरकार’

वाहनों की लगातार हो रही जांच
इस अभियान में पुलिस विभाग की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे जांच कार्य को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया. संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे. इस कार्रवाई से जहां यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी, वहीं वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी.
यह भी पढ़ें : वायरल वीडियो के बाद थाना प्रभारी सहित 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
