Hazaribagh: जिले के चलकुशा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेडमकी गांव में शुक्रवार की सुबह हाथियों का आतंक देखने को मिला है. बराकर नदी तटीय जंगलों में शरण लिए जंगली हाथियों के एक बड़े झुंड ने अलसुबह एक ग्रामीण को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद से बेडमकी समेत आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों में भारी दहशत का माहौल है.
शौच के लिए निकलते ही हुआ हाथियों से सामना
मृतक की पहचान बेडमकी गांव निवासी 55 वर्षीय शंकर पंडित के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार तड़के करीब सुबह पांच बजे की है. शंकर पंडित अपने दैनिक कार्यों के सिलसिले में घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान धुंध और अंधेरे के बीच उनका सामना बराकर नदी की तरफ से गांव की ओर आ रहे हाथियों के झुंड से हो गया। जब तक वे खुद को बचाने के लिए भाग पाते, हाथियों ने उन्हें घेर लिया और कुचल दिया.

25 हाथियों का झुंड मचा रहा उत्पात, बराकर नदी क्षेत्र में डेरा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से करीब 25 जगली हाथियों का एक बड़ा झुंड बराकर नदी के तटीय इलाकों, जंगलों और सीमावर्ती गांवों में लगातार विचरण कर रहा है. हाथियों का यह झुंड न केवल फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि रात होते ही रिहाइशी इलाकों की तरफ रुख कर रहा है.
ALSO READ : जमशेदपुर के होटल में पुलिस की कार्रवाई: रांची के तीन युवक हिरासत में, कई महीने से बनाया था ठिकाना
