Ranchi : झारखंड की विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मामला अब संसद तक पहुंच गया है. शुक्रवार को संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने झारखंड से जुड़े भाजपा सांसदों ने शांतिपूर्ण मौन प्रदर्शन कर JPSC, JSSC-CGL समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. सांसदों का कहना था कि भर्ती प्रक्रियाओं पर लगातार उठ रहे सवालों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. इसलिए पूरे मामले की CBI से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे.
भाजपा सांसद बोले, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई, युवाओं के भविष्य से नहीं हो समझौता
प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने मांग की कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. इस मौन प्रदर्शन में धनबाद के सांसद ढुलू महतो, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू और सांसद प्रदीप कुमार वर्मा शामिल रहे. उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले गुरुवार को भी भाजपा सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई थी.
