Ranchi: सदर अस्पताल, रांची में जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) से पीड़ित बच्चों के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आज समापन हो गया. यह शिविर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) और अमृता हॉस्पिटल, कोच्ची के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया था. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराना था. शिविर के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को जांच के लिए लेकर पहुंचे, जिससे पूरे कार्यक्रम को अच्छा प्रतिसाद मिला.
यह भी पढ़ें : बोकारो में सनसनीखेज खुलासा : चास कॉलेज के पीछे दफन मिला लापता युवती का शव, प्रेमी ही निकला कातिल
दो दिनों में कुल 305 बच्चों का पंजीकरण
दो दिनों में कुल 305 बच्चों का पंजीकरण किया गया, जिनमें सभी बच्चों की जांच और स्क्रीनिंग की गई. जांच के बाद 101 बच्चों में गंभीर हृदय संबंधी समस्या पाई गई, जिन्हें सर्जरी की आवश्यकता है. अच्छी बात यह है कि इन सभी 101 बच्चों का इलाज और हार्ट सर्जरी अमृता हॉस्पिटल, कोच्ची में पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा. इसके लिए जल्द ही बच्चों को कोच्ची ले जाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके. शिविर में अमृता हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बच्चों की जांच की. इसमें डॉ. आर कृष्ण कुमार (हेड, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी), डॉ. ब्रजेश पीके (हार्ट सर्जन), डॉ. निशांत और डॉ. अमित कुमार पांडेय शामिल थे. डॉक्टरों ने बच्चों की गहन जांच कर आवश्यक सलाह भी दी.

यह भी पढ़ें : चतरा पुलिस कार्रवाई: भारी मात्रा में अफीम, डोडा और नकदी के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह का भंडाफोड़
सिविल सर्जन ने अमृता हॉस्पीटल की टीम का जताया आभार
सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार ने इस सफल आयोजन के लिए अमृता हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर से गरीब और जरूरतमंद बच्चों को बड़ी राहत मिलती है.
