Saraikela: नीमडीह प्रखंड सभागार में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के 61 झारखंड अलग राज्य चिह्नित आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण विधायक सविता महतो ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
आंदोलनकारियों के योगदान को सराहा
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय रहा है. उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज अलग झारखंड राज्य की पहचान स्थापित हो सकी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर प्रतिबद्ध है तथा उन्हें उचित मान-सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
प्रमाण पत्र को बताया संघर्ष की पहचान
विधायक ने आगे कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के संघर्ष की पहचान है. यह आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान की याद दिलाता रहेगा. उन्होंने सभी आंदोलनकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके बेहतर भविष्य और सम्मानजनक जीवन की कामना की.
अन्य प्रमाण पत्रों का भी वितरण
इस दौरान विधायक के हाथों 4 पारिवारिक प्रमाण पत्र, 3 जाति-आवासीय प्रमाण पत्र एवं एक मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी का वितरण किया गया. प्रखंड कार्यालय के समीप 14 लाख की लागत से बने नए भवन का भी विधिवत उद्घाटन किया.
कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य उपस्थित
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव, अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी, प्रमुख फूलमनी हांसदा, मुखिया वरुण सिंह, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, हरि चरण महतो, नील कमल महतो, टिंकू राम महतो, पतित पवन दास, सुजीत महतो आदि ग्राम प्रधान, उप प्रमुख एवं सभी आंदोलनकारी उपस्थित थे.
