Sahibganj: जिले के बरहरवा में शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. जिस घर से आज बारात निकलने वाली थी, उसी घर से अब दो जनाजे निकलेंगे, जबकि एक जनाजा बगल के गांव से उठेगा. पूरे इलाके में शोक की लहर है.
सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत
शनिवार को रांगा थाना क्षेत्र के दिग्घी रेलवे फाटक के समीप जुगाड़ गाड़ी और मोटरसाइकिल के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के धोबी पोखर निवासी करीम शेख (20), कहारपाड़ा निवासी नईम शेख (21) और उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के अमोड़ा बाजार निवासी कलीम शेख (25) के रूप में हुई है. मृतक नईम शेख दूल्हे अमीन शेख का भाई था, जबकि कलीम शेख जीजा और करीम शेख उसका दोस्त था.
Also Read: एनटीपीसी CRPF जवान और ग्रामीणों में हुई झड़प, प्राथमिकी दर्ज
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर राजमहल की ओर से बरहरवा लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही जुगाड़ गाड़ी से उनकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शादी के घर में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
