सिमडेगा: शहर के जमजम मैरिज हॉल में हज यात्रा को लेकर एक दिवसीय तरबियती (प्रशिक्षण) कैंप का आयोजन किया गया. इस कैंप में इस वर्ष हज पर जाने वाले कुल 12 यात्रियों को विस्तृत रूप से प्रशिक्षण दिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य हज यात्रियों को यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक जानकारी, नियम और प्रक्रियाओं से अवगत कराना था, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के अपनी पवित्र यात्रा पूरी कर सकें.
सभी धार्मिक प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया
कैंप में हज ट्रेनर हाजी कैशर आलम ने उपस्थित यात्रियों को हज की पूरी प्रक्रिया क्रमवार समझाई. उन्होंने बताया कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जिसे पूरी निष्ठा, अनुशासन और सही जानकारी के साथ अदा करना जरूरी है. उन्होंने एहराम बांधने की विधि, तवाफ, सई, अरफा में वकूफ, मुजदलिफा में रुकना तथा जमरात (शैतान को कंकड़ी मारना) जैसी सभी धार्मिक प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया.
इसके अलावा यात्रियों को यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया. हाजी कैशर आलम ने विशेष रूप से स्वास्थ्य, साफ-सफाई, भीड़-भाड़ में सतर्कता, जरूरी दस्तावेजों की सुरक्षा तथा समूह में रहने के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि सभी यात्री सऊदी अरब के नियमों का पालन करें और अपने आचरण से देश और समाज की अच्छी छवि प्रस्तुत करें.
यात्रियों को व्यावहारिक पहलुओं की दी गई जानकारी
कैंप के दौरान यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज, फ्लाइट प्रक्रिया, मक्का और मदीना में ठहरने की व्यवस्था, खान-पान, मौसम और अन्य व्यावहारिक पहलुओं की भी जानकारी दी गई. साथ ही उनके सवालों का समाधान भी किया गया, जिससे यात्रियों में आत्मविश्वास बढ़ा. इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वालों में ओडगा के शाहजहां खान, लसीया निवासी शाहिद अपनी पत्नी के साथ, इस्लामपुर निवासी अब्दुर्रहमान अपनी पत्नी के साथ, खैरनटोली निवासी हाजी इजहार, ईदगाह मोहल्ला निवासी मो. महबूब अपनी पत्नी के साथ तथा खैरन टोली निवासी मोहम्मद खालिद अपनी मां और पत्नी के साथ शामिल हैं.
स्थानीय लोग एवं परिजन रहे उपस्थित
कैंप के अंत में सभी हज यात्रियों के लिए दुआ की गई और उनकी यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने की कामना की गई. इस मौके पर स्थानीय लोग एवं परिजन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम को सफल बनाने में हाजी तौहीद, खूबैब शाहिद, अरमान,नवाजिश, हाजी शाकिर, हाजी खालिद सहित कई लोगों का योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: होनहार बिरवान के होत चिकने पात: सुदीप प्रधान ने SSC CGL में AIR 136 हासिल कर बढ़ाया गिरिडीह का मान
