पूरे राज्य में अगले 5 दिनों तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी, चलेगी तेज हवाएं

Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल, गरज चमक...

Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल, गरज चमक के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार 7 से 13 जून के बीच कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. जबकि कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है. विभाग ने जानकारी दी कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मानसूनी परिस्थितियां झारखंड में मौसम को प्रभावित कर रही हैं. इसके कारण राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जायेगी.

सिमडेगा में हुई अधिकतम बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 70.3 मिमी वर्षा सिमडेगा के ठेठईटांगर में दर्ज की गयी. वहीं सबसे अधिक तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में रिकॉर्ड किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज हुआ.

जिलावार तापमान का पूर्वानुमान

उत्तर-पूर्वी झारखंड : देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इन जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

उत्तर-पश्चिमी झारखंड : पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहेगा. गढ़वा और पलामू में 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच सकता है. हालांकि कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवा से राहत मिलने की उम्मीद है.

मध्य झारखंड : रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और गुमला में 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है. रांची और आसपास के क्षेत्रों में 10 और 11 जून को गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना अधिक है.

दक्षिणी झारखंड : पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे. इन जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

कब-कहां रहेगा ज्यादा असर

7 जून : कोडरमा और हजारीबाग को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात की संभावना.

8 जून : संताल परगना और दक्षिणी झारखंड के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा.

9 जून : रांची, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, गुमला और आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश के आसार.

10 जून : उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में तेज हवा चल सकती है.

11 जून : धनबाद, बोकारो और कोडरमा समेत कुछ जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक तेज हवा चलने की संभावना.

सावधानी बरतने की अपील की

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों में नहीं रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है. विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह की शुरुआत तक राज्य में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

 

ALSO READ : बोकारो पुलिस की कामयाबी : CEIR पोर्टल की मदद से बरामद किए 46 चोरी व गुम हुए मोबाइल, असली मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *