Chaibasa : गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरकटकोचा पंचायत के कैरम मैदान में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कोल्हान डीआईजी अनूरंजन किस्पोट्टा, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु तथा अभियान एसपी राहुलदेव बड़ाइक शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ग्रामीणों ने सभी अधिकारियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया. साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे डायन प्रथा, नशापान, गैरकानूनी खेती तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर अभियान चलाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई. अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श हुआ.

ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के बीच विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया. कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा, अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया. कोल्हान डीआईजी अनूरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. उन्होंने ग्रामीणों से समाज में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की. वहीं एसपी अमित रेणु ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मौके पर गोईलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा, सोनुवा थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, तरकटकोचा पंचायत के मुखिया गणेश बोदरा, कायदा पंचायत की मुखिया सोमवारी बाहंदा, ग्रामीण मुंडा, दिनेश नायक, सुखलाल मुर्मू समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.
Also Read : चाईबासा : रसोईया संयोजिकाओं से डीसी ने कहा – पढ़ाई के साथ पोषण और स्वच्छता जरूरी
